
गुजरात के पावन सोमनाथ धाम में आस्था, राष्ट्रगौरव और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह सोमनाथ में शौर्य यात्रा में शामिल हुए और फिर सोमनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की. शोर्य यात्रा के दौरान पीएम मोदी दोनों हाथों में भगवान शिव का डमरू लिए दिखे. भगवान शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर की धरती से पीएम मोदी ने न सिर्फ आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया, बल्कि स्वाभिमान, शौर्य और सांस्कृतिक विरासत का स्पष्ट संदेश भी दिया.
पीएम मोदी ने इस शौर्य यात्रा से पहले कहा कि सोमनाथ मंदिर शाश्वत दिव्यता का प्रतीक है और पीढ़ियों को मार्गदर्शन देता रहता है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘सोमनाथ शाश्वत दिव्यता का प्रतीक है. इसकी पवित्र उपस्थिति पीढ़ियों से लोगों का मार्गदर्शन करती आ रही है.’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात में कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. वह सुबह 11:00 बजे सद्भावना ग्राउंड से एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और दोपहर 12:10 बजे सोमनाथ हेलीपैड से राजकोट के लिए प्रस्थान करेंगे.
राजकोट में वह दोपहर 1:30 बजे वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन के तहत ट्रेड शो और प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद दोपहर 3:55 बजे राजकोट से अहमदाबाद के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां शाम 5:00 बजे अहमदाबाद मेट्रो फेज-2 के अंतिम खंड महात्मा मंदिर मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले शनिवार को सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद ‘ओम’ जाप में शामिल हुए. प्रधानमंत्री ने एक ड्रोन शो भी देखा. इस दौरान उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी भी मौजूद रहे. आसमान में ड्रोन के जरिये उकेरी गई धार्मिक और सांस्कृतिक आकृतियों ने श्रद्धालुओं और उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया.
