मध्यप्रदेश कांग्रेस में आपसी खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है. ताजा मामला पार्टी के प्रवक्ताओं के टैलेंट हंट कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां अलग-अलग पदाधिकारियों के बीच लेटर वार सामने आया है. एक ही काम के लिए अलग-अलग नियम, अलग-अलग कमेटियां और अलग-अलग आदेश जारी होने से पार्टी के भीतर समन्वय की कमी एक बार फिर उजागर हो गई है.
टैलेंट हंट बना सियासी टकराव की वजह
दरअसल, कांग्रेस में प्रवक्ताओं के चयन के लिए टैलेंट हंट कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया था. लेकिन इस प्रक्रिया को लेकर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच तालमेल की कमी साफ नजर आई. प्रदेश कांग्रेस के मुकेश नायक (मीडिया अध्यक्ष) ने हाल ही में 13 सदस्यीय टैलेंट हंट कमेटी का गठन किया. इस कमेटी के तहत पूरे प्रदेश को 6 क्लस्टर में बांटकर प्रवक्ताओं की खोज और चयन की योजना बनाई गई.
