
मशहूर अरबपति कारोबारी और पद्म भूषण से सम्मानित आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला आज 29 अक्टूबर को कौन बनेगा करोड़पति(KBC) शो पर नजर आने वाले हैं. इस शो में आने से पहले उनके एपिसोड का प्रोमो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जमकर वायरल हो रहा है. प्रोमो में वह अमिताभ बच्चन से बातचीत करते हुए नजर आए हैं.
पिता आदित्य बिड़ला की मौत के बाद कुमार मंगलम बिड़ला ने सिर्फ 28 साल की उम्र से पूरे बिड़ला ग्रुप की कमान अपने हाथ में संभाल ली थी. इस प्रोमो में वह इस बात का जिक्र करते हुए भी नजर आए हैं. इस वीडियो के वायरल होते ही कई लोगों के मन में ये सवाल था कि आखिर कैसे इतनी कम उम्र में उन्होंने इतनी बड़ी जिम्मेदारी संभाल ली और कंपनी के पूरे कारोबार को ग्लोबल लेवल पर फैलाया है.
कुमार मंगलम बिड़ला का बचपन
ये बात शुरू होती है जब साल 1995 में भारतीय उद्योगपति और समाजसेवी आदित्य विक्रम बिड़ला की मृत्यु हो जाती है. भारत के सबसे बड़े व्यापारिक परिवारों में जन्मे आदित्य बिड़ला ने अपने बिड़ला ग्रुप को टेक्सटाइल्स, पेट्रोकेमिकल्स और टेलीकॉम सेक्टर में फैलाया था और वह पहले भारतीय उद्योगपतियों में से एक थे जिन्होंने विदेशों में विस्तार किया और साउथ ईस्ट एशिया, फिलीपींस और मिस्र में प्लांट्स स्थापित किए. उनकी मृत्यु के बाद उनके बेटे कुमार मंगलम बिड़ला ने समूह की कमान संभाली.
