
बांग्लादेश में इस वक्त बहुत कुछ हो रहा है. एक तरफ चुनावों की तारीख घोषित हुई, दूसरी ओर खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान की वापसी के बाद राजनीति का रुख बदला हुआ नजर आया. इसी बीच अब बीएनपी की अध्यक्ष और देश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का आज सुबह ढाका के एवरकेयर अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. बीएनपी के आधिकारिक फेसबुक पेज पर दी गई जानकारी के मुताबिक उनका निधन सुबह करीब 6 बजे, फज्र की नमाज के तुरंत बाद हुआ. बीएनपी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने भी उनके निधन की पुष्टि की.
बांग्लादेश की राजनीति में युग का अंत
खालिदा जिया को 23 नवंबर को डॉक्टरों की सलाह पर एवरकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें दिल और फेफड़ों में संक्रमण के साथ-साथ निमोनिया की शिकायत थी. 80 वर्षीय खालिदा जिया लंबे समय से कई गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं. उन्हें दिल की बीमारी, लिवर और किडनी की समस्या, डायबिटीज, फेफड़ों की बीमारी, गठिया और आंखों से जुड़ी परेशानियां थीं. उनके दिल में स्थायी पेसमेकर लगा हुआ था और पहले हार्ट स्टेंटिंग भी कराई जा चुकी थी. मई में लंदन से उनका इलाज भी हुआ था. वे बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं. उन्होंने 1991 में लोकतंत्र की बहाली के दौर में सत्ता संभाली और देश की राजनीति में एक मजबूत और प्रभावशाली पहचान बनाई। उनके निधन से बांग्लादेश की राजनीति में एक युग का अंत माना जा रहा है.
