
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (5 जनवरी) को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी को उनके जन्मदिन पर खास अंदाज में बधाई दी. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट शेयर करते हुए ममता बनर्जी को ‘दीदी’ कहकर संबोधित किया और उनके उत्तम स्वास्थ्य व लंबी उम्र की प्रार्थना की. पीएम मोदी ने लिखा, ‘पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता दीदी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई. मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना करता हूं.’
5 जनवरी 1955 को कोलकाता में प्रोमिलेश्वर और गायत्री बनर्जी के घर जन्मीं ममता बनर्जी का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. राजनीति के अखाड़े में विरोधियों को धूल चटाने वाली ममता ने शिक्षा के क्षेत्र में भी कई डिग्रियां हासिल की हैं. उनके पास बीए (BA), बी.एड (B.Ed), कानून (LLB) और एमए (MA) की डिग्रियां हैं.
छात्र जीवन से राजनीति में एंट्री
राजनीति में उनकी एंट्री छात्र जीवन से ही हो गई थी। जोगमाया देवी कॉलेज में पढ़ाई के दौरान ही वे छात्र परिषद में शामिल हो गईं. 1984 में उन्होंने जादवपुर संसदीय सीट से चुनाव जीतकर सबको चौंका दिया था. इसके बाद वे दक्षिण कोलकाता सीट से 1991, 1996, 1998, 1999, 2004 और 2009 में लगातार सांसद चुनी गईं.
