
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज दक्षिण 24 परगना जिले के सागर द्वीप का दौरा करने करेंगी, जहां वह हर साल आयोजित होने वाले गंगासागर मेले की तैयारियों की समीक्षा करेंगी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री मेले से पहले जमीनी स्तर पर सभी इंतज़ामों का जायजा लेंगी और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी,जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी न हो.
अधिकारी के अनुसार ममता बनर्जी अपने इस दौरे के दौरान जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगी और गंगासागर क्षेत्र में चल रही व कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी करेंगी. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अस्थायी रूपरेखा के मुताबिक मुख्यमंत्री 5 जनवरी को सागर द्वीप पहुंचेंगी और 6 जनवरी को कोलकाता लौटेंगी.
इस दौरान मुख्यमंत्री मुरिगंगा नदी पर बनाये जाने वाले चार किलोमीटर लंबे पुल की आधारशिला भी रखेंगी. लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल चार वर्षों में तैयार किए जाने की योजना है. प्रशासन का मानना है कि पुल बनने के बाद सागर द्वीप तक आवागमन और सुगम हो जाएगा तथा गंगासागर मेले के दौरान श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी.
