
संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को अलग-अलग जगहों पर तोड़े जाने के मामले में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कुछ सवाल उठाए हैं. उन्होंने सागर जिले में बाबासाहेब की प्रतिमा तोड़े जाने पर पूछा कि क्या ये घटनाएं सुनियोजित हैं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर लिखा, ‘क्या ये घटनाएं सुनियोजित हैं? करने वाले कौन लोग हैं? क्या वे लोग हैं, जो बाबासाहेब की विचारधारा के खिलाफ हैं? वे लोग जो भारतीय संविधान के खिलाफ हैं? इसकी जांच पुलिस को करनी चाहिए.’
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सागर जिले में डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने की चार घटनाओं का जिक्र करते हुए लिखा, ’27-28 दिसंबर की दरमियानी रात सागर जिले के मालथौन विकास खंड के ग्राम मड़ैया माफी में संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने की घटना घटित हुई है. दिनांक 04 अक्टूबर 2025 को खुरई विधानसभा क्षेत्र के नगर परिषद बांदरी में बाबासाहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त (हाथ की उंगली तोड़ने) करने की घटना घटित हुई है और यह कोई पहली घटना नहीं है. इसके पूर्व में भी बांदरी के इसी स्थान पर ही बाबासाहेब डॉ अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की घटना को अंजाम दिया जा चुका है.
