
नए साल पर दोस्तों के साथ मसूरी घूमने गए भोपाल के 25 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर हर्ष की जिंदगी दो दिन भी नहीं ठहरी. अचानक मौत ने परिवार और दोस्तों को सदमे में डाल दिया. अशोका गार्डन क्षेत्र में रहने वाले हर्ष 1 जनवरी को दोस्तों के साथ मसूरी पहुंचे थे. पुलिस जांच के अनुसार, 2 जनवरी को दोस्त भावना वर्मा का जन्मदिन मनाने के बाद देर रात पार्टी की. ठंडी हवा में खुले आसमान तले नाच-गाने का मजा ले रहे हर्ष को अहसास नहीं था यह उनकी आखिरी रात है.
पार्टी खत्म होने के बाद हर्ष अपने होटल के कमरे में सोने चले गए. लेकिन, अगली सुबह, शनिवार 3 जनवरी को, जब दोस्तों ने उन्हें जगाने की कोशिश की तो वह बिस्तर पर ही मृत पड़े मिले. डायल 112 पर कॉल करके हिमाचल प्रदेश पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मर्चुअरी में रखवा दिया. प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया गया है. डॉक्टरों का मानना है कि मसूरी की कड़ाके की ठंड और देर रात की पार्टी ने हर्ष के दिल पर अतिरिक्त दबाव डाला, जो वह बर्दाश्त नहीं कर सके.
