
उत्तर प्रदेश में आजकल कभी कहीं तो कभी कहीं नगर निगम की लापरवाही सामने आ रही है. अब कानपुर में 10 दिन में 3 बार सड़क धंसने का मामला सामने आया है. करीब 8 दिन पहले ईदगाह चौराहे के पास 15 मीटर तक सड़क धंस गई थी. तब भी अधिकारियों की लापरवाही के कारण गड्ढे ने विकराल रूप ले लिया. लोग परेशान हो रहे हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा. वह अपनी सुस्त चाल के साथ काम में लगे हुए है.
कानपुर का ब्रह्म नगर चौराहा एक बार फिर से चर्चा में है. कुछ महीने पहले यहां पर एक बहुत बड़ा गड्ढा हुआ था. इसको अधिकारियों को सही करने में महीना लग गए. अभी भी वह पूरी तरीके से बन नहीं पाया है. अब इस बीच एक बार फिर वहां से 300 मीटर की दूरी पर ईदगाह चौराहे के पास बड़ा नाला ध्वस्त हो गया है. लगातार मिट्टी धंस रही है. पहले एक नाला धंसा फिर दोनों नाले धंस गए. अब नाले की जद में जो घर आ रहे हैं, उन्हें नोटिस दिया जा रहा है.
