
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जनवरी को गुजरात में जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की मेजबानी करेंगे. मर्ज 12–13 जनवरी तक भारत के दौरे पर रहेंगे और यह उनका चांसलर बनने के बाद पहला आधिकारिक भारत दौरा होगा. खास बात यह है कि उन्होंने अपनी पहली एशिया यात्रा के लिए भारत को चुना है, जबकि अब तक जर्मन नेता आमतौर पर पहले चीन या जापान जाया करते थे. इससे साफ है कि जर्मनी की विदेश नीति में अब भारत की अहमियत काफी बढ़ गई है.
इस दिन की शुरुआत प्रतीकात्मक कार्यक्रमों से होगी. सुबह करीब 9:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर मर्ज साबरमती आश्रम जाएंगे. इसके बाद करीब 10 बजे दोनों साबरमती रिवरफ्रंट पर इंटरनेशनल काइट फेस्टिवल में हिस्सा लेंगे. फिर दोनों नेता गांधीनगर के महात्मा मंदिर पहुंचेंगे, जहां 11:15 बजे से औपचारिक द्विपक्षीय बातचीत शुरू होगी. गुजरात को चुनना और ऐसा सार्वजनिक कार्यक्रम रखना, दोनों देशों के बीच गर्मजोशी और सांस्कृतिक जुड़ाव दिखाने की कोशिश मानी जा रही है.
