
भारतीय क्रिकेट टीम के दो सुपर स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा इसी हफ्ते एक बार फिर से मैदान पर उतरेंगे. विजय हजारे ट्रॉफी में दोनों ही खिलाड़ियों ने खेलने के लिए हामी भरी है. अपनी अपनी घरेलू टीम की तरफ से रोहित और विराट खेलने उतरेंगे. दशकों के बाद मुंबई और दिल्ली की तरफ से दोनों धुरंधर वनडे टूर्नामेंट में खेलेंगे. इन सबको रोहित और विराट के 2027 वर्ल्ड कप से जोड़कर देखा जा रहा है.
पिछले कुछ महीनों में विराट कोहली और रोहित शर्मा की वापसी चर्चा का विषय बनी हुई है. इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान टेस्ट से संन्यास लेने के बाद दोनों सिर्फ वनडे में खेल रहे हैं. टी20 को उन्होंने 2024 में ट्रॉफी जीतने के बाद अलविदा कह दिया था. ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोहित और विराट ने वनडे सीरीज खेली जिसमें धमाकेदार प्रदर्शन किया. दोनों को टीम से बाहर करने और वर्ल्ड कप से पहले संन्यास की सलाह देने वालों के लिए ये जवाब था. अब जब दोनों ने अच्छा प्रदर्शन कर दिया तो सवाल उनके 2027 तक खेलते रहने पर हो रही है. इसी वजह से दोनों को घरेलू क्रिकेट में उतरने तक को मजबूर किया गया. 24 दिसंबर को रोहित मुंबई के लिए खेलेंगे जबकि 25 से दिल्ली की तरफ से विराट खेलते नजर आएंगे.
