
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है. एक्सीडेंट में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. माता-पिता अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए ग्वालियर लेकर आ रहे थे. परीक्षा से आधे घंटे पहले ही उसकी मौत हो गई. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा अपने माता-पिता के साथ बाइक से पेपर देने के लिए ग्वालियर आ रही थी. इस दौरान एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में माता-पिता और छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई. एक्सीडेंट के बाद ट्रक चालक फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
मृतकों के नाम चंद्रपाल जाटव, राजश्री जाटव और अल्पिता देवी था. वे उत्तर प्रदेश के जालौन के रहने वाले थे. चंद्रपाल और राजश्री बेटी अल्पिता को परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से ग्वालियर आ रहे थे. दोपहर एक बजे छात्रा का पेपर था. वहीं 12:30 बजे हादसे में उसकी मौत हो गई. ग्वालियर-चितोरा रोड पर यह सड़क हादसा हुआ. बिजोली थाना क्षेत्र की यह घटना है. घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
