
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड में प्रस्तावित ‘गोल्डन डोम’ मिसाइल रक्षा प्रणाली के कथित विरोध को लेकर कनाडा की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कनाडा पर चीन के साथ संबंध मजबूत करते हुए अपनी सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया है. ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने दावा किया कि यह विशाल मिसाइल शील्ड कनाडा की भी रक्षा करेगी, जबकि उनके अनुसार कनाडा इस परियोजना का विरोध कर रहा है. ट्रंप ने लिखा, ‘कनाडा ग्रीनलैंड पर गोल्डन डोम के निर्माण का विरोध कर रहा है, जबकि गोल्डन डोम कनाडा की रक्षा करेगा. इसके बजाय, उन्होंने चीन के साथ व्यापार करने के पक्ष में मतदान किया, जो पहले ही साल में उन्हें ‘खा लेगा’.’
ये बयान अमेरिका के पड़ोसी कनाडा के प्रति ट्रंप की बढ़ती आक्रामक बयानबाजी में एक और कड़ी जुड़ गई हैं. ट्रंप का ये बयान कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की हाल ही में चीन यात्रा के बाद आई हैं, जिसका उद्देश्य चीन के साथ आर्थिक संबंधों को फिर से स्थापित करना था. चीन अमेरिका के बाद कनाडा का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है. इस यात्रा के परिणामस्वरूप कुछ कनाडाई कृषि निर्यातों पर शुल्क कम करने और कनाडा में प्रवेश करने वाले चीनी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए कोटा निर्धारित करने पर समझौते हुए. इस पहल के बारे में पूछे जाने पर, ट्रंप ने सहमति जताते हुए कहा: ‘यह ठीक है. उन्हें यही करना चाहिए.’
