
मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुरबघेलान क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने भाजपा नेता अशोक सिंह पर चाकू की नोंक पर दुष्कर्म करने, आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार दबाव बनाने जैसे आरोप लगाए हैं. पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने शिकायत करने पर भी खुलेआम धमकियां दीं और खुद को कानून से ऊपर बताया. इसी से जुड़ा एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी कथित तौर पर पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करता दिख रहा है. इस पूरे घटनाक्रम के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या राजनीतिक रसूख के चलते कार्रवाई में देरी हो रही है.
इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया, जब पीड़िता द्वारा शेयर किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में महिला की सिसकती आवाज, पुलिस से शिकायत करने की बात और आरोपी की धमकी साफ सुनी जा सकती है. बताया जा रहा है कि पीड़िता पहले ही 22 दिसंबर को सतना पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दे चुकी थी, जिसमें उसने पूरे घटनाक्रम का विस्तार से उल्लेख किया है. अब वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने जांच शुरू करने की बात कही है. इस प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और भाजपा व पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की जा रही है.
चाकू की नोक पर, क्या हैं पीड़िता के आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी अशोक सिंह करीब छह महीने पहले जबरन उसके घर में घुस आया था. उसने चाकू की नोक पर दुष्कर्म किया और उसी दौरान आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया. महिला का आरोप है कि वीडियो के जरिए उसे लंबे समय तक डराया और चुप रहने के लिए मजबूर किया गया. आरोपी ने परिवार समेत जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह मानसिक दबाव में रही.
