
हरियाणा के हांसी जिले के नारनौंद उपमंडल के गांव कागसर में स्थित नर्सिंग कॉलेज को लेकर चल रहे विवाद ने सोमवार को सुबह गंभीर मोड़ ले लिया. शुक्रवार से धरने पर बैठी छात्राओं और पुलिस के बीच कहासुनी के बाद झड़प हो हई. छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज चेयरमैन के खिलाफ दर्ज किए गए केस में पुलिस ने सही धाराएं नहीं लगाई जिससे मामले की गंभीरता कम की जा रही है.
दरअसल, सोमवार सुबह जब छात्राएं कालेज से बाहर आ रही थी तो महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकना चाहा तो बहस हो गई और बात धक्का मुकी तक पहुंच गई. कॉलेज की छात्राओं का आरोप है कि पुलिस ने साथ मारपीट की. छात्राओं ने वहां से अलग-अलग गांव में जाकर अपना बचाव किया और ग्रामीणों के साथ वापस कॉलेज में पहुंची। और गेट के बाहर धरना लगा दिया. मौके पर किसान नेता और विधायक पहुंचे और उन्होंने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर कॉलेज के अध्यक्ष गिरफ्तार नहीं हुआ तो एसडीएम और एसपी ऑफिस का घेराव किया जाएगा. इस दौरान विधायक जस्सी पेटवाड़, इनेलो नेता उमेद लोहान, किसान नेता सुरेश कोथ, हरकेश, हर्ष पेटवाड़, अमित सिवाच भी लड़कियों के समर्थन में पहुंचे थे.
