
नेपाल में शुक्रवार शाम एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया. बुद्ध एयर (Buddha Air) का एक यात्री विमान लैंडिंग के दौरान अपना संतुलन खो बैठा और भद्रपुर एयरपोर्ट के रनवे से फिसल गया. विमान रनवे को पार करते हुए करीब 200 मीटर दूर घास वाले इलाके में जाकर रुका. राहत की खबर यह है कि विमान में सवार सभी 51 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं. बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास ही एक नदी थी, अगर विमान समय रहते नहीं रुकता तो परिणाम बेहद भयावह हो सकते थे.
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, बुद्ध एयर की फ्लाइट संख्या 901 ने काठमांडू से रात 8:23 बजे उड़ान भरी थी. विमान की कमान कैप्टन शैलेश लिंबू के हाथों में थी. रात करीब 9:08 बजे जब विमान झापा जिले के भद्रपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, तभी यह रनवे से फिसल गया. घटना के तुरंत बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया, लेकिन पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा संकट टल गया.
सभी यात्री सुरक्षित, जांच के आदेश
त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता रिंजी शेरपा ने बताया कि विमान फिसलकर कीचड़ और घास वाले क्षेत्र में चला गया था, जिससे उसे मामूली नुकसान पहुंचा है. वहीं, झापा के मुख्य जिला अधिकारी (CDO) शिवराम गेलाल ने पुष्टि की है कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
