
बिहार में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया. जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न से नवाजे जाने की मांग की थी, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र तक लिख दिया. हालांकि जेडीयू ने केसी त्यागी के बयान से किनारा किया था. मामले के तूल पकड़ने पर पक्ष-विपक्ष के नेताओं की रसाकसी तेज हो गई. केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि- ‘भारत रत्न नीतीश कुमार जी… ये शब्द सुनने में कितना अच्छा लगेगा ना. हमें पूर्ण विश्वास है कि अपने फ़ैसले से सबको चौंका देने वाले माननीय प्रधानमंत्री जी बिहार के माननीय मुख्यमंत्री @NitishKumar जी को भारत रत्न से नवाज़े जाने का फ़ैसला कर एक बार फिर से सबको चौकाएंगें.’ उधर, लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने कहा कि लालू यादव को भी भारत रत्न मिलना चाहिए.
मामले में प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने भारत रत्न को लेकर नीतीश कुमार की दावेदारी का खुला समर्थन किया है. चिराग ने कहा कि पिछले दो दशकों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को जो नेतृत्व दिया है, वह अनुकरणीय है. उन्होंने कई सराहनीय कार्य किए हैं. मेरा मानना है कि वह भारत रत्न के पूरी तरह योग्य हैं. उधर, तेज प्रताप यादव बोले- नीतीश जी और हमारे पिता (लालू जी) दोनों भाई-भाई की तरह हैं. अगर नीतीश जी को मिलता है, तो हमें खुशी होगी, लेकिन लालू जी का योगदान भी अतुलनीय है. दोनों को यह सम्मान मिलना चाहिए
