
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज (रविवार) ओबीसी और एससी–एसटी का आंदोलन होगा. इसमें हजारों लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है. भेल दशहरा मैदान में कार्यक्रम का आयोजन होगा. अपाक्स के बैनर तले ओबीसी, एससी-एसटी महासम्मेलन किया जा रहा है. ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन, पदोन्नति में आरक्षण, बैकलॉग पदों पर शीघ्र भर्ती, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण की मांग को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा. वहीं आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के खिलाफ की गई कार्रवाई को एकतरफा बताया गया.
जनजातीय युवा संगठन (जयस) के अध्यक्ष लोकेश मुजाल्दा और अन्य प्रतिनिधियों ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि वर्षों से लंबित बैकलॉग पदों पर भर्ती नहीं होने से बड़ी संख्या में युवाओं का भविष्य अधर में अटका हुआ है. सरकार ने कई बार आश्वासन दिया लेकिन भर्ती प्रक्रिया अब तक ठोस रूप में शुरू नहीं की गई है. इसी वजह से संगठन अब सरकार पर दबाव बनाने के लिए आंदोलन का रास्ता अपना रहा है.
