
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) ने 2026 से पहले अपनी सैलरी कैप बढ़ाने का ऐलान किया है. यह सीजन लीग के लिए ऐतिहासिक होगा क्योंकि इसमें आठ टीमें होंगी और पहली बार नीलामी का आयोजन किया जाएगा. PSL ने ड्राफ्ट सिस्टम को छोड़ने का फैसला किया है. हालांकि इस बार खिलाड़ियों को ज्यादा पैसे मिलेंगे, लेकिन यह रकम अब भी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मिलने वाली सैलरी से काफी कम है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सोमवार (19 जनवरी) को बताया कि सैलरी कैप को $1.3 मिलियन (करीब 11.3 करोड़ रुपये) से बढ़ाकर $1.6 मिलियन (करीब 14.5 करोड़ रुपये) प्रति टीम कर दिया गया है. यही वह रकम है जिसे आठों टीमें नीलामी में खर्च कर सकती हैं. कुल मिलाकर आठ टीमों के लिए यह राशि $12.8 मिलियन (करीब 116.48 करोड़ रुपये) होगी.
