
भारत के लिए टी20 क्रिकेट में संजू सैमसन का ओपनर के रूप में रिकॉर्ड शानदार है. सैमसन ने ओपनिंग करते हुए तीन शतक जड़े हैं, जो सिर्फ पांच मैचों में आए. हालांकि, उनकी बैटिंग पोजीशन में लगातार बदलाव हमेशा चर्चा का विषय रहा है. पहले टीम मैनेजमेंट ने शुभमन गिल को ओपनर के तौर पर टीम में फिट करना चाहा, जिसके चलते संजू को नीचे भेजा गया. हालांकि, गिल के पिछले कुछ समय में खराब फॉर्म के बाद आगामी टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए सेलेक्टर्स ने बड़ा फैसला लिया और शुभमन को टीम से ड्रॉप कर दिया. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप के लिए सैमसन को ओपनिंग की जिम्मेदारी मिली है. हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती दो मुकाबलों में सैमसन पूरी तरह फ्लॉप रहे. पहले मुकाबले में 10 रन तो दूसरे में 6 रन बनाकर चलते बने. इस प्रदर्शन से सैमसन के ओपनिंग स्लॉट पर खतरा मंडराने लगा है, खासकर तक जब ईशान किशन ने टीम इंडिया में धमाकेदार कमबैक किया है. सैमसन के बैक टू बैक फ्लॉप होने के बाद मैनेजमेंट बड़े कॉल ले सकता है. ईशान किशन को अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.
दबाव में संजू सैमसन
संजू सैमसन ने ओपनिंग करते हुए शानदार प्रदर्शन रहा, जिसने दिखाया कि वे अभिषेक शर्मा के ओपनिंग जोड़ीदार के रूप में फिट बैठते हैं और टीम इंडिया को दमदार शुरुआत दे सकते हैं. इसके चलते ही वह आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत के पसंदीदा ओपनर बने. हालांकि, ICC इवेंट से पहले सैमसन ने अपने प्रदर्शन से सबको निराश किया, जिसने उन्हें दबाव में ला दिया है. T20 वर्ल्ड कप सिर पर है और सैमसन के लगातार दो मुकाबलों में फ्लॉप रहना टीम इंडिया के लिए बड़ी टेंशन है. जाहिर है भारत एक अच्छे कॉम्बिनेशन साथ टूर्नामेंट में जाना चाहेगा. सैमसन को टी20 वर्ल्ड कप में बतौर ओपनर खेलने के लिए बचे तीन मैचों में रन बनाने होंगे.
