
उत्तर प्रदेश मेरठ जिले के मवाना थाना क्षेत्र के सठला गांव में पुलिस टीम पर हमला हुआ, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आरोपियों ने सिपाही सुनील के साथ मारपीट की, उनकी वर्दी फाड़ दी और सरकारी पिस्टल छीनने की कोशिश की. पुलिस ने इस हमले के बाद तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, SSP डॉ. विपिन ताडा ने सख्त रुख अपनाते हुए इस मामले में विभागीय जांच का आदेश दिया है.
चौकी प्रभारी, दारोगा और सिपाही पर गिरी गाज
लापरवाही बरतने के आरोप में उन्होंने दारोगा सौरव रावत और सिपाही सुनील को निलंबित कर दिया है. वहीं, सठला चौकी प्रभारी संदीप कुमार को पद से हटाकर सुमित तोमर को नया चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही चौकी पर एक अतिरिक्त इंस्पेक्टर की तैनाती भी की गई है. वहीं, अन्य हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं. अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, मेरठ पुलिस ने गांव में सक्रिय 40 अपराधियों को चिह्नित किया गया है.
गांव में शीघ्र बनेगी पुलिस चौकी
जिनमें से 11 के खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोलने के आदेश दिए गए हैं. साथ ही, ड्रोन से पूरे गांव की निगरानी कराई जा रही है. इतना ही नहीं, गांव में सुरक्षा की दृष्टि से एक प्लाटून पीएसी भी फिलहाल तैनात की गई हैं. जो लगातार गांव में गश्त कर रही है. मेरठ एसएसपी की मानें तो भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सठला गांव में स्थायी पुलिस चौकी भवन के लिए भूमि भी चिह्नित कर ली गई है, जहां शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.
