
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पंचायत चुनावों से ठीक पहले मतदाता सूची में फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है. असमोली थाना क्षेत्र के बिलालपत गांव में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वोटर आईडी बनवाने का आरोप लगाते हुए 48 लोगों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज किया गया है.आरोप है कि आधार में छेड़छाड़ कर के 12 साल के बच्चों की उम्र बढ़वाकर उनका वोटर कार्ड बनवा दिया गया.
जानकारी के अनुसार, यह मामला तब प्रकाश में आया जब जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने गांव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के कार्यों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों मोहम्मद कमर और मोहम्मद फारूक ने शिकायत की कि फर्जी दस्तावेजों से कई नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं.
डीएम के निर्देश पर गठित जांच समिति ने पुष्टि की कि 48 व्यक्तियों ने आधार कार्ड में अवैध संशोधन और अन्य जाली दस्तावेजों के जरिए मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने की कोशिश की. इनमें बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को गुमराह करने का भी आरोप लगा है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए, जिसके आधार पर गांव के लेखपाल गुन्नू बाबू ने असमोली थाने में तहरीर दी.
