
उत्तर भारत में बढ़ते कोहरे का असर राजधानी लखनऊ पर भी देखने को मिल रहा है. घने कोहरे के कारण चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) पर हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. 25 से 27 दिसंबर के लिए लखनऊ-दिल्ली रूट पर एयर इंडिया की चार महत्वपूर्ण उड़ानें पूरी तरह निरस्त कर दी गईं हैं. लखनऊ से दिल्ली के लिए एयर इंडिया की चार फ्लाइट निरस्त की गई हैं, जिनमें AI-1720, AI-1821, AI-1717 और AI-1524 शामिल हैं.
इतना ही नहीं एक ही दिन में अमौसी एयरपोर्ट पर दो दर्जन से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं. कोहरे की वजह से दम्माम जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान 8 घंटे 30 मिनट की भारी देरी से रवाना हुई. इसके अलावा रियाद, अबुधाबी, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों की कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी घंटों लेट रहीं. लखनऊ से दिल्ली, हैदराबाद, मुंबई, इंदौर और जयपुर जाने वाली उड़ानें भी निर्धारित समय से काफी पीछे चल रही थीं. यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा और कई लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था करने में दिक्कतों का सामना किया.
