
दुनिया में डायनासोर को लेकर अब तक की सबसे बड़ी खोज सामने आई है. दक्षिण अमेरिका के बोलीविया में वैज्ञानिकों को एक ऐसी जगह मिली है जो किसी खजाने से कम नहीं है. यहां एक ही जगह पर डायनासोर के 16,000 से ज्यादा पैरों के निशान (Footprints) मिले हैं. यह दुनिया का सबसे बड़ा डायनासोर ट्रैक साइट बन गया है. ये निशान करीब 7 करोड़ साल (70 मिलियन) पुराने हैं. यह वह दौर था जब धरती पर क्रेटेशियस काल (Cretaceous Period) चल रहा था. ये निशान खूंखार थेरोपोड्स (Theropods) के हैं. ये दो पैरों पर चलने वाले मांसाहारी डायनासोर थे. हैरान करने वाली बात यह है कि यहां जमीन पर चलने के अलावा पानी में तैरने के निशान भी मिले हैं. यह खोज बताती है कि उस समय का इकोसिस्टम कैसा था.
क्या डायनासोर भी पानी में तैरना जानते थे और कैसे मिले सबूत?
बोलीविया के टौरोटौरो नेशनल पार्क (Torotoro National Park) के कैरेरास पम्पा में मिली यह साइट एक प्राचीन समुद्र तट (Beach) जैसी है. यहां 16,600 से ज्यादा निशान एक ही दिशा में जाते हुए मिले हैं. इनमें स्विम ट्रेसेस (Swim Traces) भी शामिल हैं. ये निशान तब बनते हैं जब तैरते हुए जानवर के पैर जमीन को हल्का सा छूते हैं.
