
आसमान में पैसेंजर्स की सेफ्टी और सिक्योरिटी जिन हाथों में होती है, अगर वही लड़खड़ा जाएं तो सवाल सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, पूरी व्यवस्था का खड़ा हो जाता है. कुछ ऐसा ही मामला कनाडा के वैंकूवर एयरपोर्ट पर सामने आया, जहां एयर इंडिया का एक पायलट फ्लाइट से ठीक पहले नशे की हालत में पकड़ा गया. मामला सामने आते ही हड़कंप मच गया और अब कनाडा ने एयर इंडिया को सख्त लहजे में 26 जनवरी 2026 तक कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने का अल्टीमेटम दे दिया है.
दरअसल, यह घटना 23 दिसंबर 2025 की है. एयर इंडिया की फ्लाइट AI 186 को वैंकूवर से वियाना होते हुए दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी. प्लेन में सभी पैसेंजर्स बोर्ड कर चुके थे, फ्लाइट टेकऑफ के लिए पूरी तरह से तैयार थी और कॉकपिट क्रू भी अपनी कमान संभाल ली थी. इसी दौरान, रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के कुछ अफसर फ्लाइट में दाखिल हुए और एक पायलट को अपने साथ लेकर चले गए. इस पायलट का दो बार ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया गया. टेस्ट में दो बार फेल होने के बाद पायलट को हिरासत में ले लिया गया.
कैसे खुसी पायलट की इस हरकत की पोल
सूत्रों के अनुसार, यह पायलट फ्लाइट से पहले ड्यूटी फ्री शॉप पर शराब खरीद रहा थी. इसी दौरान, ड्यूटी फ्री स्टोर के एक स्टाफ को उसकी सांस से शराब की तेज गंध महसूस हुई. स्टाफ ने तुरंत इसकी जानकारी एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को दी. जानकारी मिलते ही रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस हरकत में आई. सीसीटीवी फुटेज की मदद से पायलट की पहचान की गई और उसे प्लेन से उतारकर दो बार ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया गया. दोनों टेस्ट में पायलट फेल रहा. इसके बाद उसे ड्यूटी के लिए अनफिट घोषित कर दिया गया.
