
बुलेट ट्रेन पर एक और बड़ी खुशखबरी आई है. मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में आज महाराष्ट्र ने एक और बड़ा मील का पत्थर हासिल कर लिया. पालघर जिले में महाराष्ट्र की पहली माउंटेन टनल का सफल ब्रेकथ्रू किया गया. यह राज्य में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का दूसरा टनल ब्रेकथ्रू है, जिसे हाई-स्पीड रेल परियोजना की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
करीब 1.5 किलोमीटर लंबी यह माउंटेन टनल विरार और बोईसर बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित है और पालघर जिले की सबसे लंबी टनलों में शामिल है. इससे पहले सितंबर 2025 में ठाणे और बीकेसी के बीच करीब 5 किलोमीटर लंबी देश की पहली अंडरग्राउंड हाई-स्पीड रेल टनल पूरी की गई थी.
