
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमोलालू प्रसाद यादव की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. सोशल एक्टिविस्ट गुड्डू बाबा ने उनके कौटिल्य नगर आवास को लेकर नियमों के उल्लंघन पर सवाल उठाए हैं और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को पत्र लिखकर उन्होंने लालू यादव के आवास की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. आरोप है कि सांसद और विधायकों को आवंटित जमीन में शर्त और नियमों का उल्लंघन हुआ है. बता दें कि लालू प्रसाद यादव खरमास बाद इसी कौटिल्यनगर आवास में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे हैं. यहां यह भी बता दें कि इससे पहले राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड का आवास खाली करने का नोटिस दिया गया था जिसे लेकर राजनीति गरमाई हुई है.
बताया जाता है कि यह जमीन सांसद-विधायक कोऑपरेटिव सोसाइटी के माध्यम से आवंटित की गई थी, लेकिन नियमों और शर्तों का उल्लंघन होने का आरोप है. सामाजिक कार्यकर्ता विकास चंद्र उर्फ गुड्डू बाबा ने इस मामले में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. गुड्डू बाबा ने आरोप लगाया कि लालू सहित कई माननीयों को आवंटित प्लॉट्स में एक से अधिक प्लॉट लेने, बेचने और व्यावसायिक इस्तेमाल जैसी अनियमितताएं हुई हैं. यह पत्र मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल और अन्य अधिकारियों को भी भेजा गया है.
