
अमेरिका की ओर से वेनेजुएला में किए गए सैन्य ऑपरेशन ने अब एक नया और खतरनाक मोड़ ले लिया है. क्यूबा सरकार ने रविवार को पहली बार आधिकारिक तौर पर पुष्टि की कि अमेरिकी हमलों में 32 क्यूबाई सैन्य और पुलिस अधिकारियों की मौत हुई है. यह जानकारी क्यूबा के सरकारी टेलीविजन पर जारी बयान के जरिए दी गई. क्यूबा सरकार के अनुसार, मारे गए सभी अधिकारी वेनेजुएला सरकार के अनुरोध पर वहां तैनात थे और सुरक्षा व रक्षा से जुड़े मिशन पर काम कर रहे थे. हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि वे अधिकारी किस विशेष अभियान में शामिल थे, लेकिन क्यूबा लंबे समय से वेनेजुएला का करीबी सहयोगी रहा है और वहां सैन्य व खुफिया सहायता देता रहा है.
हवाना में इस घटना के बाद दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है. क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल और पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो ने मारे गए अधिकारियों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है. हालांकि अब तक मृतकों के नाम और रैंक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं. क्यूबा के आधिकारिक बयान में कहा गया कि अधिकारी ‘सीधे मुकाबले में हमलावरों के खिलाफ लड़ते हुए या बमबारी में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाए जाने के कारण शहीद हुए.’ बयान में अमेरिकी कार्रवाई को आक्रामक और हिंसक बताया गया.
