
मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव की तारीख नज़दीक आने के साथ ही सियासी पारा चढ़ता जा रहा है. बीएमसी चुनाव से पहले मुंबई के मेयर को लेकर हिंदू-मुस्लिम की राजनीति शुरू हो गई है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक रैली में कहा कि मुंबई का मेयर हिंदू…और मराठी मानुष होगा. इसके बाद AIMIM नेता वारिस पठान ने ये कहकर फडणवीस पर हमला बोला कि आई लव मोहम्मद बोलने वाला मुंबई का मेयर क्यों नहीं हो सकता? वारिस पठान ने दावा किया है कि मुंबई का मेयर बुर्का पहनने वाली होगी.
वहीं इस मुद्दे पर शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने कहा कि मुंबई का मेयर वंदे मातरम बोलने वाला मराठी मानुष होगा. उन्होंने कहा कि महायुति गठबंधन की राजनीति मुंबई फर्स्ट पर आधारित है. मेयर वही होगा, जो देश और शहर से प्रेम करता हो… उसके विकास की कामना करता हो… और वो एक मराठी मानुष भी हो.
वहीं महाराष्ट्र निकाय चुनावों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप, मराठी बनाम गैर-मराठी वोट बैंक, विकास बनाम पहचान की राजनीति और अंदरूनी खींचतान के बीच एक सर्वे रिपोर्ट ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है. सर्वे के आंकड़े जहां ठाकरे बंधुओं को थोड़ी सफलता का संकेत दे रहे हैं, वहीं बीजेपी-शिंदे गुट को स्पष्ट बढ़त दिखा रहे हैं.
