
मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के क्रियान्वयन में नई गति देखने को मिल रही है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच दिल्ली में हुई समीक्षा बैठक के बाद 61 प्रमुख हाईवे प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा करने के निर्देश जारी किए गए हैं. सिंहस्थ-2028 के अंतरराष्ट्रीय आयोजन को ध्यान में रखते हुए सड़क नेटवर्क की मजबूती और सुगमता पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिल सके.
बैठक में केंद्रीय मंत्री गडकरी ने परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि सड़कें केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास और आम नागरिकों की सुविधा का आधार हैं. सभी अधिकारियों और कॉन्ट्रैक्टर्स को निर्देश दिए गए कि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कार्य किए जाएं और पेचवर्क सहित सड़क रख-रखाव की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए. केंद्रीय और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से अब तक NHAI और MoRTH-PWD की कुल 61 परियोजनाओं में उल्लेखनीय गति आई है.
