
उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने एक बार फिर मध्यप्रदेश में ठंड बढ़ा दी है. खासकर ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में ठिठुरन ज्यादा महसूस की जा रही है. सुबह-शाम ठंडी हवा के साथ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है. हालात ऐसे हैं कि कई जिलों में दिन में भी धूप बेअसर नजर आ रही है.
कोल्ड डे जैसे हालात, दिन में भी कंपकंपी
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही. इन इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया, जिससे लोग पूरे दिन गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए.
