
जयपुर से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में एक दुखद हादसा हो गया. एक साल के बच्चे की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. फ्लाइट को इंदौर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे ने दम तोड़ दिया. घटना मंगलवार शाम की है. एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX1240 जयपुर से शाम 5:30 बजे रवाना हुई थी.
रात 8:10 बजे बेंगलुरु पहुंचने वाली थी. फ्लाइट में सवार यात्रियों में मोहम्मद अबरार नाम का एक साल का बच्चा भी था, जो पिता मोहम्मद अजलान, मां फिरोजा और बड़े भाई के साथ यात्रा कर रहा था. परिवार जयपुर से बेंगलुरु घर लौट रहा था. यात्रा के दौरान अचानक बच्चे को सांस लेने में गंभीर दिक्कत होने लगी. बच्चे की हालत तेजी से बिगड़ती देख परिजनों ने तुरंत केबिन क्रू को सूचित किया. एयर होस्टेस ने पायलट को अलर्ट किया.
एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी
पायलट ने तत्काल निर्णय लेते हुए सबसे नजदीकी एयरपोर्ट इंदौर से संपर्क किया. शाम करीब 7:20 बजे इंदौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को मेडिकल इमरजेंसी की जानकारी दी गई. एटीसी ने फ्लाइट को प्राथमिकता देते हुए इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति प्रदान की और पूरे एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी घोषित कर दी. एयरपोर्ट अथॉरिटी ने तुरंत तैयारी शुरू कर दी. एयरोब्रिज पर डॉक्टरों की टीम, एम्बुलेंस और आवश्यक मेडिकल उपकरण तैनात कर दिए गए. फ्लाइट शाम 7:50 बजे सुरक्षित रूप से इंदौर एयरपोर्ट पर उतरी.
