
मध्य प्रदेश के इंदौर में एक लड़की सड़क निर्माण के दौरान की गई लापरवाही का शिकार हो गई. वह सड़क के लिए खोदे गए गड्ढे में स्कूटी समेत गिर गई. उसे चोटें आई हैं. गड्ढे में गिरते ही वह बेहोश हो गई. लड़की को गड्ढे में गिरते देख वहां हड़कंप मच गया. आसपास मौजूद लोगों ने फौरन उसे बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया. घायल लड़की का इलाज चल रहा है. स्थानीय लोगों ने गड्ढे के आसपास फैली अव्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन की है. सड़क निर्माण से जुड़ी एजेंसी और अधिकारियों को सुनिश्चित करना चाहिए कि इस तरह की घटना दोबारा न हो.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना इंदौर के स्कीम नंबर 51 के कचरा स्टेशन के सामने की है. लड़की स्कूटी लेकर वहां से गुजर रही थी कि अचानक एक जगह पर उसका संतुलन बिगड़ा और वह सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में स्कूटी समेत जा गिरी. लड़की को गड्ढे में गिरता देख वहां हड़कंप मच गया. वहां मौजूद लोग फौरन उसकी ओर भागे और उसे बाहर निकालने की कोशिश में जुट गए. कुछ युवक गड्ढे में कूदे और कड़ी मशक्कत के बाद घायल लड़की को बाहर निकाला.
