
मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने साबित कर दिया कि जब इश्क सनक बन जाए तो सालों बाद भी पीछा नहीं छोड़ता. यहां 8 साल पहले खत्म हो चुके प्रेम संबंध का बदला लेने के लिए एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका की शादीशुदा जिंदगी को तबाह करने की साजिश रच डाली.
शादीशुदा जिंदगी में ज़हर घोलने की साजिश
पूरा मामला खजराना थाना इलाके का है. पीड़िता की मां ने पुलिस जनसुनवाई में शिकायत की कि उनकी बेटी की शादी को 8 साल हो चुके हैं, लेकिन कुछ समय से उसके मायके और ससुराल में लगातार गुमनाम और आपत्तिजनक खत पहुंच रहे हैं. इन खतों में ऐसी बातें लिखी होती थीं, जिनसे परिवार में शक, तनाव और बदनामी का माहौल बनने लगा.
पोस्ट ऑफिस बदल-बदलकर भेजे खत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर जांच शुरू हुई. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर था. पहचान छिपाने के लिए वह हर बार अलग-अलग पोस्ट ऑफिस और GPO से खत भेजता था.
