
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला रविवार 18 जनवरी को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाना है. इस हाई-प्रोफाइल मैच को लेकर इंदौर शहर में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं. प्रशासन ने पहले ही साफ कर दिया है कि यह सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय आयोजन है, जहां खिलाड़ियों, दर्शकों और शहर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी वजह से होल्कर स्टेडियम और उसके आसपास के पूरे इलाके को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है. ड्रोन, पतंग और किसी भी तरह की उड़ान पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
मैच के कारण शहर में भारी भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पुलिस और ट्रैफिक विभाग ने संयुक्त रूप से विस्तृत डायवर्जन प्लान लागू किया है. दोपहर 12 बजे से लेकर मैच समाप्ति तक कई प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध और वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था रहेगी. करीब 1500 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा में तैनात किए गए हैं. आरएएफ, क्यूआरएफ, एंटी ड्रोन स्क्वाड और सिविल ड्रेस में क्राइम ब्रांच की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि प्रशासन किसी भी चूक के मूड में नहीं है.
