
महाराष्ट्र के नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में विपक्षी महाविकास अघाड़ी (एमवीए) की करारी हार के बाद गठबंधन में दरारें साफ नजर आने लगी हैं. उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने अपने सहयोगी कांग्रेस पर तीखा तंज कसा है. शिवसेना (यूबीटी) के नेता आनंद दुबे ने कांग्रेस को ‘टूरिस्ट पार्टी’ करार दे दिया. दुबे ने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव में हिस्सा लेती है, पोस्टर-बैनर लगाती है, लेकिन बीएमसी जैसे महत्वपूर्ण चुनावों में 30 साल से विपक्ष में बैठी है.
आनंद दुबे ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, ‘कांग्रेस पार्टी अब एक टूरिस्ट पार्टी बन गई है. जब चुनाव आते हैं, तो उनके पोस्टर और बैनर लग जाते हैं. हर बार बीएमसी चुनाव लड़ते हैं, और हर बार 30 सालों से विपक्ष में बैठे हैं.’
दुबे ने राहुल गांधी पर परोक्ष तंज कसते हुए यह भी कहा, ‘कांग्रेस सिर्फ बड़े नेताओं के चेहरे पर चुनाव लड़ती है, लेकिन ग्राउंड पर काम नहीं करती.’ उनका इशारा साफ है कि कांग्रेस चुनावी मैदान में सिर्फ ‘दिखावा’ करती है, लेकिन जीत नहीं दिलाती. उन्होंने आगे कहा कि एमवीए में कांग्रेस की कमजोर परफॉर्मेंस गठबंधन को नुकसान पहुंचा रही है.
