
राजधानी लखनऊ में उस वक्त सन्नाटा छा गया जब वंदे भारत से दो लोगों की कटकर मौत हो गई. यह घटना तालकटोरा थाना क्षेत्र में हुई. जहां घटना के बाद हड़कंप मच गया. मौके पर पुलिस पहुंची, तो जांच कर शवों की पहचान हुई. एक शव सूर्यकांत का था जिसकी उम्र 40 साल थी और दूसरा शव दीपाली का था जिसकी उम्र 25 वर्ष थी. दोनों प्रेमी-प्रेमिका थे. दोनों के शवों के पास दो सुसाइड नोट मिले, जिसे पढ़कर पुलिस भी हैरान रह गई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
दीपाली के सुसाइड नोट में लिखा था कि मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना, मैं आप लोगों को हर्ट करना नहीं चाहती थी. मुझे मेरा कान्हा मिल गया था. वहीं सूर्यकांत के सुसाइड नोट में लिखा था कि मेरी पत्नी सविता तुम मुझे माफ कर देना, मेरा पहला प्यार तुम ही हो. बता दें सूर्यकांत शादीशुदा था और उसके एक बेटा भी है, जिसका नाम कृष्णकांत है.
आइए शुरू से समझते है पूरी कहानी
मृतक सूर्यकांत अपने परिवार के साथ नीलमथा इलाके में रहता था और सदर के पास मौजूद एक निजी कंपनी में फील्ड वर्कर के तौर पर काम कर रहा था. इसी दफ्तर में उसकी मुलाकात दीपाली से हुई, जो कैशियर का काम करती थी. दीपाली अपने परिवार के साथ साहसुशांत गोल्फ सिटी अर्जुनगंज ग्राम शाहखेड़ा में रहती थी. पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच बीते 6 महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
