
चूनाभट्टी थाना क्षेत्र में कॉलेज छात्रा प्रिया मेहता की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है. शुरुआती जांच में जिस घटना को छत से गिरने का हादसा माना जा रहा था, उसी केस में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच के बाद पुलिस ने प्रिया के दोस्त तुषार कपिल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का दावा है कि विवाद के दौरान आरोपी ने छात्रा को दूसरी मंजिल से धक्का दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटनाक्रम के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी तुषार और उसके मामा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. तुषार खंडवा का बताया जा रहा है, पुलिस की टीम वहां छापेमारी कर रही है.
पुलिस अफसरों का कहना है कि यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि मृतका को घायल हालत में आरोपी ही अस्पताल लेकर पहुंचा था. लेकिन डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया. पुलिस को शुरुआत से ही मामला संदिग्ध लग रहा था. पड़ोसियों, परिजनों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जब कड़ियां जोड़ी गईं, तो जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई. अब यह केस हादसा नहीं बल्कि हत्या का माना जा रहा है.
चूनाभट्टी पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस
चूनाभट्टी थाना पुलिस ने जांच के बाद आरोपी तुषार कपिल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के दिन से फरार है. उसकी तलाश के लिए कई जगहों पर दबिश दी जा रही है. कुछ संदिग्धों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयान इस केस में अहम भूमिका निभा रहे हैं.
