
चीन के साथ गलबहियां करके बांग्लादेश अब पुराने मददगार भारत के खिलाफ ही फन उठा रहा है. हालांकि दोनों देशों के बीच इस बढ़ते मेलजोल के बीच भारत ने अपनी पूर्वी सीमा पर तैयारी तेज कर दी है. भारतीय सेना अब जनरल बिपिन रावत के प्लान पर तेजी से अमल की दिशा में बढ़ रही है. इसी कड़ी में सेना के बहुप्रतीक्षित इंटीग्रेटेड बैटल ग्रुप (IBG) मॉडल को जल्द लागू करने की तैयारी अंतिम चरण में है, जिसकी शुरुआत चीन सीमा से सटे पनागढ़ स्थित 17वीं माउंटेन स्ट्राइक कॉर्प्स से की जा सकती है.
इंडियन एक्सप्रेस अखबार उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से बताया कि सरकार की अंतिम मंजूरी मिलते ही 17वीं कॉर्प्स की 59वीं और 23वीं डिवीजनों से चार आईबीजी गठित किए जाएंगे. ये आईबीजी पूरी तरह आत्मनिर्भर, फुर्तीले और अत्याधुनिक लड़ाकू यूनिट होगी, जो सीमित समय में बड़े सैन्य अभियानों को अंजाम देने में सक्षम होंगे. यही कारण है कि इसे भारत की रणनीतिक ‘कुचलने की तैयारी’ के तौर पर देखा जा रहा है.
