
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से मुंबई के लिए सोमवार सुबह रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-887 को कुछ ही मिनटों बाद हवा से वापस बुला लिया गया. प्लेन ने आईजीआई एयरपोर्ट पर से तय समय पर टेकऑफ किया था, लेकिन उड़ान भरने के बाद कॉकपिट में तकनीकी खराबी के संकेत दिखने लगे, जिसके बाद पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाई और वापस लौटने का फैसला लिया. सफल लैंडिंग कराई गयी.
एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार यह पायलट और क्रू ने किसी भी प्रकार का जोखिम न लेते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी. प्लेन ने कुछ ही समय बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया. एयर इंडिया ने इस घटना से यात्रियों को हुई देरी और असुविधा पर खेद जताया है. एयरलाइन की इंजीनियरिंग और तकनीकी टीम ने प्लेन की जांच शुरू कर दी है.
घटना के तुरंत बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ सक्रिय हो गया. यात्रियों को टर्मिनल के अंदर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया. एयर इंडिया ने बताया कि सभी प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है. सर्दियों की छुट्टियों के कारण फ्लाइट्स में खूब भीड़ हो रही है. दिल्ली–मुंबई रूट देश के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, जहां रोज़ाना बड़ी संख्या में उड़ानें ऑपरेट होती हैं.
