
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के विपक्षी चेहरा रजा पहलवी को लेकर बड़ा लेकिन संभला हुआ बयान दिया है. ट्रंप ने कहा कि रजा पहलवी उन्हें अच्छे इंसान लगते हैं, लेकिन उन्हें इस बात पर संदेह है कि क्या वह ईरान के अंदर लोगों का समर्थन जुटा पाएंगे या नहीं. व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, ‘वह अच्छे लगते हैं, लेकिन मुझे नहीं पता कि उनका अपने देश में क्या असर होगा. अभी हम उस मोड़ पर नहीं पहुंचे हैं.’ ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर ईरान की जनता उन्हें स्वीकार करती है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी.
ईरान में सत्ता परिवर्तन पर क्या बोले ट्रंप?
रजा पहलवी ईरान के आखिरी शाह के बेटे हैं और 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद से ईरान से बाहर रह रहे हैं. मौजूदा प्रदर्शनों के दौरान वह विदेश से ईरानी आंदोलन की आवाज बनकर उभरे हैं. हालांकि ईरान का विपक्ष कई गुटों में बंटा हुआ है और देश के भीतर कोई मजबूत संगठित ढांचा नहीं दिखता. ट्रंप ने माना कि मौजूदा हालात में ईरान की मौलवी सरकार गिर भी सकती है. उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि दुनिया की कोई भी सरकार गिर सकती है. ईरान की सरकार गिरा चाहे न गिरे, लेकिन यह दौर दिलचस्प रहने वाला है. हालांकि उन्होंने साफ किया कि फिलहाल अमेरिका किसी एक नेता को आगे बढ़ाने की स्थिति में नहीं है.
