
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरानी सरकारी टेलीविजन ने बुधवार को एक बेहद उकसाने वाला संदेश ब्रॉडकास्ट किया. इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चेतावनी देते हुए कहा गया कि ‘इस बार गोली चूकेगी नहीं.’ इस बयान ने दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव को और भड़का दिया है. ईरानी टीवी चैनल पर ट्रंप की एक तस्वीर दिखाई गई, जिसमें वह साल 2024 में पेंसिल्वेनिया में चुनावी रैली के दौरान हुए हत्या के प्रयास के बाद सीक्रेट सर्विस एजेंट्स से घिरे नजर आ रहे हैं.
ट्रंप को लगातार धमकी देता रहा है ईरान
यह वीडियो तेहरान में एक सरकारी आयोजन के दौरान दिखाया गया, जहां हालिया प्रदर्शनों में मारे गए सुरक्षाकर्मियों और समर्थकों के अंतिम संस्कार में हजारों लोग शामिल हुए थे. वहां अमेरिका विरोधी नारे और बैनर भी लगाए गए थे. ईरान की सरकारी मीडिया और शीर्ष अधिकारी साल 2020 से लगातार ट्रंप को लेकर धमकी भरे बयान देते रहे हैं. उसी साल अमेरिका के ड्रोन हमले में ईरान के वरिष्ठ सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत हुई थी. ईरान की सत्ता और रिवोल्यूशनरी गार्ड तब से यह कहते आ रहे हैं कि इस हमले का बदला लिया जाएगा. ट्रंप को लेकर दिए जा रहे बयान इसी बदले की चेतावनी के तौर पर पेश किए जाते रहे हैं.
