
नेपाली राजनीति में बुधवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला जब देश की सबसे पुरानी पार्टी नेपाली कांग्रेस औपचारिक रूप से तीसरी बार दो हिस्सों में बंट गई. पार्टी अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा और महासचिवों गगन थापा तथा विश्व प्रकाश शर्मा के बीच चल रही बातचीत किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद विभाजन तय हो गया. बुधवार को आयोजित विशेष सम्मेलन में गगन थापा को सर्वसम्मति से नेपाली कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुन लिया गया. थापा 49 वर्ष के हैं और उन्हें पार्टी में युवा चेहरे के तौर पर देखा जाता है. वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक वह अध्यक्ष पद के लिए इकलौते उम्मीदवार थे, जिस कारण चुनाव की जरूरत नहीं पड़ी.
असल में पार्टी में टकराव तब और गहरा गया जब गगन थापा और विश्व प्रकाश शर्मा ने शेर बहादुर देउबा से अध्यक्ष पद छोड़ने और आगामी संसदीय चुनाव न लड़ने की मांग की. दोनों नेताओं का कहना था कि यह कदम सितंबर में हुए युवा आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले जेन-Z युवाओं की भावनाओं के सम्मान में जरूरी है. ‘जेन जेड’ उस पीढ़ी को कहा जाता है जो 1997 से 2012 के बीच पैदा हुई है. यह वह युवा वर्ग है जो तकनीक, इंटरनेट और सोशल मीडिया के साथ बड़ा हुआ है.
