
CLAT 2026 में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल करने वाली गीताली गुप्ता ने डमी स्कूलों के बढ़ते चलन पर सवाल उठाए हैं. भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित स्कूल जाना बहुत जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि स्कूल की पढ़ाई के साथ-साथ किसी भी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की जा सकती है. 17 वर्षीय गीताली ने बताया कि उन्होंने कक्षा 10वीं में 96.6 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और अब वह पूरी मेहनत के साथ कक्षा 12वीं की परीक्षा की तैयारी कर रही हैं. उनका कहना है कि पढ़ाई में संतुलन और निरंतरता ही सफलता की असली कुंजी है.
गीताली ने छात्रों को सलाह देते हुए कहा कि खुद पर विश्वास और फोकस बनाए रखना बहुत जरूरी है. उन्होंने कहा कि अगर कोई छात्र इन दो बातों पर ध्यान दें, तो वह किसी भी परीक्षा में सफलता हासिल कर सकता है. CLAT के रिजल्ट के समय वायरल हुए अपने वीडियो को लेकर गीताली ने कहा कि वह पल पूरी तरह से भावनात्मक था. उन्होंने बताया कि उन्हें बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी कि वीडियो वायरल हो जाएगा. रिजल्ट देखकर वह हैरान और भावुक हो गई थीं.
गीताली का वायरल वीडियो
वायरल वीडियो में गीताली अपने घर के पास एक मंदिर के पास बैठकर मोबाइल पर रिजल्ट देखती नजर आती हैं. पहले वह कुछ पल के लिए विश्वास नहीं कर पातीं और फिर खुशी के आंसू छलक पड़ते हैं. यह वीडियो उनकी मेहनत और संघर्ष की कहानी बयां करता है. राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की रहने वाली गीताली गुप्ता ने CLAT 2026 जैसी देश की प्रतिष्ठित कानून प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर अपने जिले और राज्य का नाम रोशन किया है. उन्होंने 119 में से 112.75 अंक प्राप्त किए हैं.
