
मध्यप्रदेश में सरकारी अस्पतालों में भर्ती मरीजों को मिलने वाले खाने की सच्चाई सामने आने के बाद सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. राजधानी भोपाल के जय प्रकाश अस्पताल (जेपी हॉस्पिटल) में मरीजों को दिनभर के तीन वक्त का खाना महज ₹33 में दिया जा रहा है. हैरानी की बात यह है कि यह खर्च सरकारी गौशालाओं में गायों के चारे और जेल में बंद कैदियों के भोजन से भी कम है.
जेपी हॉस्पिटल में मरीजों को दोपहर के खाने में आलू-फूलगोभी की सब्जी, बेहद पतली दाल, आधा कटोरा चावल, चार रोटियां और दो खीरे के टुकड़े परोसे जाते हैं. नाश्ता और रात का खाना जोड़कर भी सरकार का कुल खर्च ₹33 प्रतिदिन बताया जा रहा है.
सरकारी दस्तावेजों के मुताबिक, राज्य सरकार मरीजों के भोजन पर अधिकतम ₹48 प्रतिदिन खर्च करने का प्रावधान करती है, लेकिन हकीकत में ज्यादातर अस्पतालों में खाना ₹40 से भी कम में दिया जा रहा है. जबकि इसी राज्य में गौशालाओं में गायों पर ₹40 से ज्यादा और जेल में बंद कैदियों पर ₹75 प्रतिदिन खर्च होता है.
