
मध्य प्रदेश के इंदौर और खरगोन में हाल ही में युवाओं की दो अलग-अलग मौतों ने लोगों को सकते में डाल दिया है. ये घटनाएं न केवल परिवारों के लिए दुखद हैं, बल्कि युवाओं की मेंटल कंडीशन और शिक्षा संस्थानों की जिम्मेदारी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं. इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय छात्रा प्रियांशी राव ने 24 नवंबर को फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी. इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में प्रियांशी रोते हुए कहती नजर आ रही हैं कि इन्होंने मुझे पागल कर दिया है, मैं बहुत परेशान हूं. मैं नवीन के बिना नहीं रह पाऊंगी… सॉरी. वीडियो में वह यह भी कहती हैं कि भूमि और नवीन को सजा दिलाई जाए. इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने भूमि को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि आरोपी नवीन अभी भी फरार है. यह मामला युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य, उनके व्यक्तिगत तनाव और रिश्तों में दबाव को उजागर करता है.
