
धार्मिक आस्था को ढाल बनाकर अपराध करने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है. अब चोर साधु-संत का भेष धारण कर मंदिरों को निशाना बना रहे है. जिससे श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंच रही है. ऐसी ही एक चौंकाने वाली घटना लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से सामने आई है. जहां एक प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में साधु के वेश में पहुंचे चोर ने माता का मुकुट और दानपात्र में रखी नगदी पर हाथ साफ कर दिया.
मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मुरलीनगर स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में यह वारदात 11 जनवरी की शाम को हुई. आरोपी साधु के भेष में मंदिर परिसर में दाखिल हुआ. जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी पहले मंदिर का गेट खोलकर अंदर प्रवेश करता है. फिर इत्मीनान से माता दुर्गा के चांदी के मुकुट को उतारता है और दानपात्र में रखी नगदी लेकर मौके से फरार हो जाता है.
घटना के बाद जब मंदिर के पुजारी और व्यवस्थापक मंदिर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई. मंदिर की व्यवस्थापक समिति के सदस्य मधुसूदन त्रिवेदी ने इस मामले की लिखित तहरीर मोहनलालगंज थाने में दी. तहरीर में उन्होंने बताया कि चोर माता का कीमती चांदी का मुकुट और श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई नगदी लेकर भागा है.
