
मध्यप्रदेश की सियासत एक बार फिर तीखी बयानबाजी के केंद्र में है. इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के बाद कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त प्रतिक्रिया दी है. मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि राहुल गांधी को इस दुखद घटना पर राजनीति करने से बचना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी वोट की राजनीति के लिए पीड़ित परिवारों के दर्द का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो किसी भी स्तर पर उचित नहीं है. मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राहुल गांधी इंदौर पहुंचकर पीड़ितों और घायलों से मिलने वाले हैं.
डॉ. मोहन यादव ने न्यूज 18 इंडिया से खास बातचीत में कांग्रेस के अतीत की घटनाओं को याद दिलाते हुए कहा कि राहुल गांधी को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास की ओर देखना चाहिए. उन्होंने भोपाल गैस त्रासदी का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में दुनिया की सबसे बड़ी औद्योगिक दुर्घटना हुई और उसके गुनहगार वारेन एंडरसन को भारत से भागने दिया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर राहुल गांधी को नैतिकता की बात करनी है, तो उन्हें पहले अपने पूर्वजों के फैसलों पर देश से माफी मांगनी चाहिए.
