
उत्तर प्रदेश में बदमाशों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार जारी है. लगभग हर दिन किसी न किसी जिले से मुठभेड़ की खबर सामने आ रही है. पुलिस साफ संदेश दे रही है कि अपराध करेंगे तो जवाब गोली से मिलेगा. ताजा मामला झांसी और पीलीभीत से सामने आया है, जहां पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों में लुटेरों और गौतस्करों को दबोच लिया. झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने लूट के दो शातिर आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है.
यह मुठभेड़ सेमरी टोल प्लाजा के पास हुई, जहां पुलिस चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान नरेश और जितेंद्र के रूप में हुई है. दोनों 12 जनवरी को गुटखा व्यापारी से हुई लूट की वारदात में शामिल थे.
बदमाशों ने रास्ते में व्यापारी की कार रुकवाकर मारपीट की थी और पांच लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे. इस मामले का मास्टरमाइंड, जो व्यापारी का ड्राइवर था, पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि ये दोनों आरोपी फरार चल रहे थे. पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के पांच लाख रुपये, दो तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है. घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
