
यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की दिशा में बड़ी कूटनीतिक हलचल शुरू हो गई है. रूस की राजधानी मॉस्को में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच तीन घंटे से ज्यादा लंबी बैठक हुई है. क्रेमलिन ने पुष्टि की कि यह बातचीत देर रात शुरू हुई और शुक्रवार सुबह तीन बजे के बाद जाकर खत्म हुई. इस अमेरिकी टीम में ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर और फेडरल एक्विजिशन सर्विस के कमिश्नर जोश ग्रुएनबाम शामिल थे. रूसी पक्ष की ओर से पुतिन के सहयोगी यूरी उशाकोव और रूस के सॉवरेन वेल्थ फंड के प्रमुख किरिल दिमित्रिएव बैठक में मौजूद रहे.
यूक्रेन युद्ध के लिए बैकडोर डिप्लोमेसी तेज
बैठक के बाद किरिल दिमित्रिएव ने सोशल मीडिया पर इसे ‘महत्वपूर्ण चर्चा’ बताया. इससे पहले दिसंबर की शुरुआत में भी दोनों पक्षों के बीच करीब पांच घंटे लंबी बातचीत हुई थी. संकेत साफ हैं कि यूक्रेन युद्ध को लेकर बैकडोर डिप्लोमेसी तेज हो चुकी है. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से दावोस में बातचीत की. मीटिंग के बाद एयरफोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह इस युद्ध को खत्म करना चाहते हैं. ट्रंप बोले, ‘इस युद्ध को खत्म करना अच्छा होगा. यह पैसे का मामला नहीं है. हम लगातार इससे कमा रहे हैं. लेकिन हर महीने 25 से 30 हजार सैनिक मारे जा रहे हैं.’ उन्होंने जो बाइडेन पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने यूक्रेन पर 350 अरब डॉलर खर्च कर दिए.
